Jabalpur News: "2007 में जन्मा बच्चा व्यस्क, लेकिन सीवर प्रोजेक्ट अब भी अव्यस्क!"

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में वर्षों से अधूरे पड़े सीवर प्रोजेक्ट को लेकर कांग्रेस पार्षद अयोध्या तिवारी ने नगर निगम की बजट बैठक में नगर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि "2007 में जन्मा बच्चा तो व्यस्क हो गया लेकिन सीवर प्रोजेक्ट आज भी अव्यस्क ही बना हुआ है।" तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार ने जनता को परेशान कर दिया है।

पार्षद ने मांग की कि सीवर प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट पटल पर रखी जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अब तक कितनी वास्तविक प्रगति हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि नवीन सीवर प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित 1000 करोड़ रुपये की राशि आखिर कहां से आएगी, इसकी भी जानकारी दी जानी चाहिए।

शहर नियोजन निगम के अधीन किया जाए

तिवारी ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को संविधान ने शहर नियोजन का अधिकार दिया है, लेकिन यह कार्य भोपाल स्थित टीएनसीपी अधिकारी कर रहे हैं, जिन्हें शहर की ज़मीनी हकीकत की जानकारी नहीं है। उन्होंने शहर के संतुलित विकास हेतु सिटी डेवलपमेंट प्लानर की नियुक्ति की मांग भी सदन में रखी।

सदन में तीखी नोकझोंक, अध्यक्ष को करना पड़ा हस्तक्षेप

पार्षद तिवारी ने महापौर पर बिना चर्चा के बजट तैयार करने का आरोप लगाया, जिस पर भाजपा पार्षदों और एमआईसी सदस्यों ने आपत्ति जताई। मामला गरमाया तो सदन अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीष मिश्रा ने भाजपा पार्षदों और एमआईसी सदस्यों को नसीहत देते हुए कहा, "जहां आपको बोलना चाहिए, वहां महापौर बोलते हैं, इसलिए यहां बीच में न बोलें।"

"प्रति दिन दें एक घंटा पर्यावरण को"

भाजपा पार्षद प्रिया तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए सुझाव दिया कि हर व्यक्ति को रोज़ाना एक घंटा पर्यावरण के लिए देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस द्वारा महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू पर लगाए गए झूठे आरोपों को "मर्यादा के विरुद्ध" बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post