दैनिक सांध्य बन्धु चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने 29 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में राज्य भर में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही कई निजी शिक्षण संस्थान और कुछ निजी कार्यालय भी अवकाश पर रह सकते हैं।
भगवान परशुराम को हिन्दू धर्म में विष्णु के छठे अवतार के रूप में पूजा जाता है। पूरे देश सहित पंजाब में भी यह पर्व श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाता है। इसी धार्मिक महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने अवकाश का निर्णय लिया है।
छात्रों और कर्मचारियों को बड़ी राहत
अप्रैल माह में पहले ही कई प्रमुख त्योहारों पर छुट्टियां मिल चुकी हैं — जैसे राम नवमी, महावीर जयंती, बैसाखी और डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती। अब परशुराम जयंती की छुट्टी से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को एक और लंबा ब्रेक मिलेगा। गर्मी के इस मौसम में यह अवकाश छात्रों के लिए राहत का अवसर साबित होगा, वहीं सरकारी कर्मचारियों को भी सप्ताह के बीच में विश्राम का समय मिलेगा।
भगवान परशुराम जयंती पर राज्य भर में विशेष पूजा-पाठ, यज्ञ और भजन-कीर्तन आयोजित किए जाते हैं।