दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लावारिस और मृतक दंपत्ति की संपत्ति हड़पने के आरोपों से घेरे कांग्रेस नेता जतिन राज और मनोज नामदेव को कोर्ट से जमानत मिल गई है। ओमती थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में इन दोनों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृतक केपी लटोरिया और उनकी पत्नी की संपत्ति को हड़पने का आरोप था।
गौरतलब है कि पुलिस ने कुछ दिन पहले शुभम ठाकुर उर्फ कयाज उर्फ शिवम को जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) कार्यालय से फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने आरोप लगाया था कि वह कांग्रेस नेता मनोज नामदेव, जतिन राज और छोटू ठाकुर के कहने पर काम कर रहा था।
पुलिस ने इस आधार पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। जतिन राज, जो युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नगर निगम में पार्षद रह चुके हैं उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए खुद को निर्दोष बताया था।
फिलहाल जतिन राज और मनोज नामदेव को सशर्त जमानत दी गई है, जबकि छोटू ठाकुर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। शुभम ठाकुर से भी लगातार पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह की गहराई और उसकी कार्यप्रणाली की पूरी तस्वीर सामने आ सके।