भारत में कोविड फिर सक्रिय: 1010 एक्टिव केस, 9 की मौत; 4 नए वैरिएंट की पुष्टि, केरल में सबसे ज्यादा मरीज

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल देशभर में 1010 एक्टिव केस हैं। इनमें से सबसे अधिक 430 मामले केरल में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में 209, दिल्ली में 104, गुजरात में 83, कर्नाटक में 47 और उत्तर प्रदेश में 15 मरीज सामने आए हैं।

अब तक कोरोना के कारण देश में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें राजस्थान के जयपुर में सोमवार को दो, महाराष्ट्र में चार, कर्नाटक में एक और केरल में दो मरीजों की मौत शामिल है। मरने वालों में कई लोग पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।

कोविड के बढ़ते मामलों के बीच ICMR के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने जानकारी दी कि भारत में अब तक कोविड के 4 नए वैरिएंट मिले हैं – LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। इनमें JN.1 वैरिएंट सबसे आम है और इसकी मौजूदगी टेस्टिंग में आधे से ज्यादा सैंपल्स में पाई गई है। यह ओमिक्रॉन के BA2.86 स्ट्रेन से जुड़ा है और यह इम्यूनिटी को कमजोर करता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इन वैरिएंट्स की गंभीरता ज्यादा नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। WHO ने भी इन्हें निगरानी में रखे गए वैरिएंट की श्रेणी में रखा है। NB.1.8.1 में कुछ ऐसे म्यूटेशन हैं जो इसे तेजी से फैलने में सक्षम बनाते हैं और पहले से बनी इम्यूनिटी पर भी असर डालते हैं।

देशभर में कोविड वार्ड दोबारा सक्रिय किए जा रहे हैं और निगरानी बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग लक्षणों के प्रति सजग रहें और समय पर जांच करवाएं। मास्क और सैनिटाइजेशन जैसे जरूरी उपायों को अपनाना अब भी जरूरी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post