Jabalpur News: पुरानी रंजिश में होटल संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के चंद्रिका टावर के पास गुरुवार रात एक होटल संचालक पर पुराने रंजिश को लेकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुष दुबे (23), निवासी तलवार कंपाउंड विजयनगर रामपुर छापर, अपने भाई आकाश दुबे के साथ चंद्रिका टावर स्थित होटल में मौजूद था। रात करीब 10:25 बजे आकाश ने उसे फोन कर बाहर बुलाया। जब आयुष नीचे आया तो देखा कि आकाश एक स्कूटी पर बैठा था, उसके पीछे गौरव दाहिया और यश शुक्ला भी थे। यश शुक्ला के हाथ में चाकू देखकर आयुष पीछे हटने लगा, लेकिन यश ने उस पर हमला कर दिया।

आकाश दुबे की जांघ और आयुष की पसली एवं कमर के नीचे चाकू से गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों के एकत्र होने पर गौरव दाहिया मौके से भाग गया, वहीं यश शुक्ला पास ही के एक शोरूम में जा छिपा।

मदनमहल थाना पुलिस ने आयुष दुबे की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post