Jabalpur News: विधायक कार्यालय में निकला सांप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। उत्तर मध्य क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे के कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब एक दुर्लभ प्रजाति का सांप कार्यालय के भीतर दिखाई दिया। यह घटना आज शाम करीब 5 बजे की है, जब होम साइंस कॉलेज के सामने स्थित विधायक कार्यालय के कर्मचारियों ने लगभग एक फीट लंबे सांप को परिसर में रेंगते हुए देखा।

सांप को देखकर वहां मौजूद लोग पहले तो डर गए, लेकिन तत्परता दिखाते हुए सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दुबे कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचे और अपने विशेष उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ा।

सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने बताया कि यह सांप सेंड बोआ प्रजाति का बच्चा है, जिसे आम भाषा में चिट्टी सांप या मठदींयर भी कहा जाता है। यह सांप जहरीला नहीं होता और प्रायः दरदरी मिट्टी में पाया जाता है। इसकी खासियत यह है कि यह दीमक और चींटी जैसे कीटों को खाना पसंद करता है।

दुबे ने बताया कि सेंड बोआ सांप दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति में गिना जाता है, जो आमतौर पर इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाता। इसे पकड़ने के बाद जंगल में छोड़ दिया गया ताकि यह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।

स्थानीय लोगों ने सर्प विशेषज्ञ की इस तत्परता और सुरक्षित रेस्क्यू के कार्य की सराहना की। वहीं, विधायक कार्यालय के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से सतर्कता बरतनी आवश्यक है, खासकर बारिश के मौसम में जब सांप और अन्य जीव-जंतु खुले स्थानों की ओर रुख करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post