दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार बाइक की लापरवाही ने दो युवकों को घायल कर दिया। हादसा उस वक्त हुआ जब वे शादी समारोह से लौट रहे थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की रिपोर्ट दीपक रैकवार (32), निवासी महाकाली के पास गढ़ा फाटक, थाना लार्डगंज ने दर्ज कराई है। दीपक कपड़े का व्यापारी है और गंजीपुरा में उसकी दुकान है। उसने बताया कि वह अपने दोस्तों संजू रजक, देवेन्द्र लोधी और मदन गोपाल के साथ ग्राम रिछाई, बरेला में एक परिचित की शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 11:40 बजे वे सभी अपने-अपने वाहनों से लौट रहे थे। देवेन्द्र लोधी और मदन गोपाल एक मोटरसाइकिल में सवार थे, जबकि दीपक खुद एक्टिवा चला रहा था और उसके पीछे संजू रजक बैठा था।
जैसे ही उनका वाहन बरेला बायपास पर कान्हा ढाबा के पास पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक (नं. MP 20 NP 9916) ने लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करते हुए देवेन्द्र और गोपाल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें हाथ, पैर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद दोनों को संजू रजक के साथ उपचार हेतु जबलपुर भिजवाया गया।
बरेला पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।