दैनिक सांध्य बन्धु पटना। बिहार के चर्चित यूट्यूबर और पूर्व बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए खुद इस बात की घोषणा की और बताया कि वो अब भाजपा के सक्रिय सदस्य नहीं हैं। मनीष ने कहा कि पार्टी में रहते हुए वो अपनी आत्मा से समझौता कर रहे थे और अब वो बिहार के हक के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे।
'बीजेपी में रहना मेरी गलती थी'
अपने बयान में मनीष ने स्पष्ट कहा कि बीजेपी में शामिल होना उनकी सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने इसके लिए जनता से माफी भी मांगी। मनीष ने आरोप लगाया कि पार्टी में रहकर उन्हें उन भ्रष्टाचारों पर चुप रहना पड़ता था, जो उनके ही लोगों के साथ हो रहे थे।
मनीष कश्यप ने कहा कि बीजेपी में रहकर खुद को नहीं बचा पाया तो जनता की क्या मदद करूंगा? अब मैं भाजपा का सदस्य नहीं हूं।
मोदी पर भरोसा, मगर पार्टी से दूरी
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्होंने भरोसा जताया और कहा कि वे देश के एक सफल प्रधानमंत्री हैं। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में रहकर वे अपनी आवाज नहीं उठा पा रहे थे, इसलिए अब वो स्वतंत्र होकर बिहार के मुद्दों पर बोलेंगे।
मनीष कश्यप ने कहा कि उन्होंने बिहार के कई इलाकों का दौरा किया है और लोगों से मुलाकात की है। अब उनका लक्ष्य बिहार के पलायन, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई लड़ना है। उन्होंने इशारा दिया कि वो आगामी विधानसभा चुनाव में हिस्सा ले सकते हैं, हालांकि ये स्पष्ट नहीं किया कि वो किसी पार्टी से लड़ेंगे या निर्दलीय।
जनता से मांगी राय
मनीष ने जनता से सुझाव मांगा है कि उन्हें किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहिए या क्या उन्हें निर्दलीय उतरना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ेंगे।