दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। इंदौर के ऑलराउंडर क्रिकेटर रजत पाटीदार ने अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) को आईपीएल की ट्रॉफी जिताकर 17 साल लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। रजत ने इस सीजन में 15 मैचों में 312 रन बनाए और दो फिफ्टी लगाई। उनके नाम अब तक आईपीएल में 1111 रन हैं।
रजत के पिता मनोहर पाटीदार ने बताया कि बचपन में रजत अपने से बड़े लड़कों के साथ खेलते थे। वह राइट हैंडेड बैट्समैन होने के साथ-साथ बेहतरीन ऑफ स्पिनर भी हैं। रजत ने 2021 में RCB से जुड़कर अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की और चोट के बाद वापसी करते हुए अब तक कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
2024 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रजत मध्यप्रदेश टीम के कप्तान थे और उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 428 रन बनाए। रणजी ट्रॉफी में उनका 5वां सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है।
RCB के 9वें कप्तान बने रजत ने विराट कोहली, फाफ डुप्लेसी जैसे दिग्गजों के बाद टीम को पहली बार आईपीएल ट्रॉफी दिलाई है। रजत ने अपनी कप्तानी में टीम को मजबूती दी और आखिरकार आरसीबी ने आईपीएल का 18वां सीजन अपने नाम किया।
रजत का क्रिकेट सफर बचपन से शुरू होकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट डेब्यू किया। उनके पिता कहते हैं कि जब भी रजत इंदौर आता है, वह खजराना गणेश के दर्शन करता है और मां के हाथ का खाना पसंद करता है।