दैनिक सांध्य बन्धु बेंगलुरु। आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की विजय परेड और सम्मान समारोह से पहले बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भारी भगदड़ मच गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया था। लेकिन जैसे ही हजारों की संख्या में प्रशंसक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, भीड़ बेकाबू हो गई। कई जगहों पर लोगों को पेड़ों और दीवारों पर चढ़ते हुए भी देखा गया।
पुलिस ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने में मुश्किलें आईं और इसी दौरान भगदड़ मच गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस और राहतकर्मियों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। कुछ लोग बेहोश हो गए थे, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
इस हादसे के बाद आयोजन की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर KSCA और प्रशासन पर कई सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है।