Jabalpur News: शादी का झांसा देकर महिला का घर उजाड़ा, शादीशुदा मैनेजर ने कराया तलाक का केस, फिर किया दुराचार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एक निजी संस्थान में कार्यरत महिला के साथ शादीशुदा मैनेजर द्वारा धोखा और शोषण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले महिला से भावनात्मक नज़दीकियां बढ़ाईं, फिर शादी का वादा कर उससे तलाक का केस करवा दिया। इसके बाद लगातार दुष्कर्म करता रहा और अचानक संपर्क तोड़ दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने शून्य पर FIR दर्ज करने के बाद अब मामला दर्ज कर असल कायमी कर ली है।

काम करने के दौरान मिला था आरोपी

पीड़िता 37 वर्षीय महिला है, जो शहर के एक निजी संस्थान में खाना बनाने का काम करती है। इसी संस्थान में सतीश केवट, जो पोलीपाथर का निवासी है, मैनेजर के पद पर कार्यरत था। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह पति से अलग रह रही थी।

इसी दौरान सतीश ने महिला से सहानुभूति जताई और कहा कि यदि वह अपने पति से तलाक ले लेती है, तो वह उससे शादी कर लेगा। भरोसा करके महिला ने कोर्ट में तलाक का मामला दर्ज कर दिया।

शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण

महिला के मुताबिक, सतीश अक्सर उसके घर आता-जाता रहा और शादी का वादा कर बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। कई बार वह उसे होटलों में भी ले गया और दुराचार किया। दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया पर घंटों बातचीत होती रही।

पत्नी की बीमारी का बहाना, फिर किया संपर्क खत्म

पीड़िता का आरोप है कि 24 मई को सतीश ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार है, इसलिए कुछ दिन बात नहीं कर पाएगा। इसके बाद उसने पूरी तरह बातचीत बंद कर दी। महिला ने जब कई बार फोन किया, तो मोबाइल बंद मिला। अंततः परेशान होकर महिला ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

अब दर्ज हुआ दुष्कर्म का केस

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले शून्य पर मामला दर्ज किया था। लेकिन प्राथमिक जांच के बाद आज धारा 376 (दुष्कर्म) के तहत असल कायमी कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post