दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के लार्डगंज मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह दिनदहाड़े एक वृद्ध महिला को शातिर बदमाशों ने झांसा देकर लूट लिया। दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने महिला से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।लार्डगंज थाना पुलिस ने बताया कि शेष नाग मंदिर के सामने रहने वाली सुधा जैन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पैदल लाखा भवन दर्शन के लिए जा रही थीं। जैसे ही वह भूरामल धर्मशाला के पास पहुंचीं, वहां खड़े दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोका। उनमें से एक युवक ने महिला को डराते हुए कहा कि आगे “लक्ष्मी भंडार के पास चाकू-छुरी चल रही है, पुलिस आने वाली है, अपनी चैन उतारकर रख लो।”
डरी हुई महिला ने जैसे ही चैन उतारी, युवक ने उसे रूमाल में बांधकर रखने का बहाना किया और चेन ले ली। जब महिला ने वापस मांगा तो दोनों युवक बाइक स्टार्ट कर भागने लगे। महिला ने पीछे से बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के चलते वह सड़क पर गिर पड़ी। इसी बीच बदमाश आंखों के सामने से फरार हो गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।