दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हुई एक जानलेवा हमले और अवैध वसूली के मामले में फरार चल रहे भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मानव घनघोरिया को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले ही उनके चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके थे।
ये है पूरा मामला?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार संचार नगर दीनदयाल निवासी गौरव वाजपेयी (उम्र 43 वर्ष) 17 जुलाई 2025 की रात अपनी पत्नी नेन्सी वाजपेयी के साथ अपने घर के सामने स्थित दुकान में बैठे थे। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल में सवार करीब 5-6 लोग वहां पहुंचे। स्कॉर्पियो में भाजयुमो नेता मानव घनघोरिया भी सवार था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घनघोरिया ने गौरव को दुकान से बुलाकर फुटपाथ पर ले जाकर 20 हजार रुपये की मांग की। गौरव द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर पहले मानव ने खुद उस पर चाकू से हमला किया, फिर अपने साथियों से कहा कि इसको खत्म कर दो। इसके बाद उसके साथियों ने एक राय होकर गौरव पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी दोनों जांघों और सिर में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में गौरव को तत्काल स्वास्तिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 296 , 119(1) , 109 (उकसाना), 118(1) (जानबूझकर अपराध में सहायता), 351(3) (प्राणघातक हमला), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया।
फरार चल रहा था मानव घनघोरिया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मानव घनघोरिया वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं। माढ़ोताल, सिविल लाइन थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में आज उसे घेराबंदी कर जी.एस. कॉलेज जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले उसके चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। एक अन्य आरोपी निखिल सेन की तलाश जारी है।