दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। इंदौर में लव जिहाद फंडिंग मामले में तीन माह से फरार चल रहे कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत ने शुक्रवार को जिला कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कादरी दाढ़ी-मूंछ कटवाकर कोर्ट पहुंचा। जैसे ही वह पुलिस सुरक्षा में कोर्ट कक्ष तक आया, भीड़ का आक्रोश फूट पड़ा और लोग उसकी ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों ओर से घेरकर सुरक्षित कोर्ट कक्ष तक पहुंचाया।
कादरी पर 40 हजार रुपए का इनाम घोषित था। बाणगंगा पुलिस ने कोर्ट से 8 दिन की रिमांड ली है। अब उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े और सबूत जुटाए जाएंगे।
करीब दो माह पहले बाणगंगा थाना क्षेत्र में दो युवकों पर दो युवतियों के साथ रेप और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान सामने आए वीडियो में दोनों आरोपियों ने कादरी का नाम लिया। आरोप है कि उसने युवकों को प्रेमजाल में फंसाने और निकाह कराने के लिए पैसों का लालच दिया था।
कादरी कांग्रेस से तीन बार पार्षद रह चुका है। उसकी पत्नी भी दो बार पार्षद रही। प्रमोद टंडन के कार्यकाल में उसे शहर कांग्रेस का महामंत्री बनाया गया था। उसने एक बार निर्दलीय चुनाव भी लड़ा था।
नगर निगम कमिश्नर ने कादरी को पार्षद पद से हटाने के लिए शोकॉज नोटिस जारी किया था। नोटिस की अवधि पूरी होने से पहले ही उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
आपराधिक रिकॉर्ड
1. डकैती का केस (1996, उज्जैन) – महाकाल थाने में दर्ज, इसी से अनवर को अनवर डकैत नाम मिला।
2. जानलेवा हमला (2009, इंदौर) – गवाह अनवर हुसैन पर हमला; 2011 में एक साल की सजा हुई।
3. ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारे (2025) – पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान विवादित नारे लगे, जिसके चलते कादरी जेल गया।
4. मारपीट और धमकाने के कई मामले – इंदौर में कई बार गिरफ्तारी हो चुकी है।