दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक धोबी पर पुरानी रंजिश के चलते चाकू और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक नीरज रजक (35 वर्ष) निवासी नर्मदा नगर, जो धोबी का काम करता है, रात लगभग 12:15 बजे घर लौट रहा था। तभी उसके पड़ोसी भारत कोष्टा और उसका बेटा अमित कोष्टा घर के सामने सड़क किनारे मिले। चार साल पहले भारत के घर में हुई चोरी को लेकर वे नीरज पर आरोप लगाते थे। उसी विवाद को लेकर दोनों ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। नीरज ने गालियां देने से मना किया तो भारत ने चाकू और अमित ने ब्लेड से उस पर हमला कर दिया।
हमले में नीरज के दोनों हाथ, पेट, सीना, गर्दन, गाल और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने मामले में धारा 296, 109, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।