
ai generated images
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर/सिवनी। जिला सिवनी थाना घूमा क्षेत्र से अपहृत 4 वर्षीय मासूम बच्ची को जबलपुर पुलिस ने तत्परता से तलाश करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। जबलपुर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
घटना 25 सितम्बर 2025 की सुबह की है। धूमा निवासी 55 वर्षीय हेमवती उईके ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 4 वर्षीय नातिन राशि बर्कडे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजन और आसपास तलाश करने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि मढदेवरी घूमा निवासी रूपेश यादव (22 वर्ष) जो अक्सर बच्ची को खेलने ले जाता था, घटना के समय आसपास देखा गया था। तलाश करने पर पता चला कि वह जबलपुर में मजदूरी करता है। इस पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर बच्ची की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता (भा.पु.से.) एवं एएसपी अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच जबलपुर एवं थाना घूमा की टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के बल्देवबाग स्थित एक निर्माणाधीन मकान में दबिश दी। यहां से 4 वर्षीय बच्ची के साथ दो युवक पकड़े गए।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम रूपेश यादव पिता वीरन यादव उम्र 22 वर्ष निवासी मढदेवरी घूमा, जिला सिवनी एवं यशवंत यादव पिता पंचम यादव उम्र 22 वर्ष निवासी बावली घूमा, जिला सिवनी बताए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बच्ची को उसके घर के सामने से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आए और निर्माणाधीन मकान में रखे हुए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।