दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने अवैध वसूली के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर 5000-5000 रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर मिली। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
माढ़ोताल थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी राजेन्द्र उर्फ गुड्डू चौहान और उसके साथी तथा उमांशंकर दुबे और उसके साथियों ने अवैध रूप से पैसों की मांग की थी। इस दौरान मारपीट कर गंभीर चोटें पहुँचाई गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-1 और नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल संभाग के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
