Bhopal News: हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर की मांग तेज, पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भोपाल में हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के बयानों से नाराज वकील और आम नागरिक मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान पुलिस कमिश्नर से मुलाकात नहीं मिलने पर लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन ले लिया।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ एडवोकेट सैयद साजिद अली ने लोगों से अपील की थी कि वे भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब की हिफाजत के लिए एकजुट हों। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

लोगों का आरोप है कि तिवारी लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे शहर की सांप्रदायिक सौहार्दपूर्ण वातावरण को नुकसान पहुंच सकता है। वकीलों ने कहा कि तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में पुलिस और सरकार उदासीन रवैया अपना रही है, जबकि कानून सबके लिए बराबर है।

वरिष्ठ अधिवक्ता साजिद अली ने कहा, “भोपाल हमेशा से अमन का टापू रहा है। हिंदू और मुसलमानों ने मिलजुलकर त्योहार मनाए हैं। लेकिन अब नफरत फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होनी जरूरी है।”

वकीलों और आमजनों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो विरोध और तेज किया जाएगा। पुलिस ने इस बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और केवल अधिकृत लोगों को ही कार्यालय के भीतर जाने की अनुमति दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post