दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर/ कटनी। भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म्स एवं संस्थाएं जबलपुर संभाग कार्यालय में पदस्थ महिला क्लर्क को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी क्लर्क रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आवेदक से अवैध धन की मांग कर रही थी।
ग्राम कौड़िया, तहसील स्लीमनाबाद, जिला कटनी निवासी शिवप्रसाद कुशवाहा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने परमलोक धाम आश्रम सेवा समिति के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया है। इस आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में महिला क्लर्क प्रीति ठाकुर (सहायक ग्रेड-2) ने उनसे ₹5000 की रिश्वत की मांग की।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त पुलिस ने सत्यापन कराया। सत्यापन सही पाए जाने के बाद 15 सितंबर को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और महिला क्लर्क को रिश्वत की राशि लेते ही पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी महिला क्लर्क को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B), 13(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त का ट्रैप दल मौके पर मौजूद रहा। इसमें उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक बी.एस. नरवरिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
