दैनिक सांध्य बन्धु कटनी। जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम चनपुरा में कोटवार सीताराम वंशकार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी मनीष पटेल और उसके पिता अमरसिंह पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण सीताराम के नाती जीवन और मनीष पटेल की पत्नी के बीच प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जबलपुर निवासी सीताराम वंशकार ग्राम चनपुरा में कोटवार के रूप में पदस्थ थे। उनका पूरा परिवार जबलपुर में ही रहता था। सीताराम के नाती जीवन की दोस्ती मनीष पटेल से थी। इसी दौरान जीवन के मनीष की पत्नी से प्रेम संबंध बन गए और वह उसे लेकर भाग गया। इस घटना से नाराज मनीष पटेल और उसका पिता अमरसिंह जीवन और उसके नाना सीताराम की तलाश करने लगे।
तलाश के दौरान दोनों चनपुरा पहुंचे, जहां सीताराम बैठे हुए थे। आरोप है कि मनीष और अमरसिंह ने गाली-गलौज करते हुए लाठियों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को घसीटकर आंगनबाड़ी केंद्र में फेंक दिया गया। यह वारदात 31 अगस्त को हुई थी, जिसकी जानकारी अगले दिन पुलिस को मिली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पूछताछ में पहले मनीष पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, लेकिन पिता का नाम छिपा लिया। बाद में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमरसिंह पटेल को पन्ना जिले से गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की जांच जारी है।
