Jabalpur News: विजयनगर शराब दुकान के मैनेजर दिलीप सिंह सग्गू की हत्या का मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
विजय नगर थाना क्षेत्र में शराब दुकान मैनेजर दिलीप सिंह सग्गू की हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मदन जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर आईएसबीटी ग्रीन सिटी रोड से उसे दबोचा।

8 जून 2025 को विजय नगर स्थित शराब दुकान में विवाद के दौरान पत्थरबाजी हुई थी। इस दौरान दुकान के मैनेजर दिलीप सिंह सग्गू के सिर में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 13 सितंबर को मेडिकल कॉलेज जबलपुर में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना विजय नगर में मदन जायसवाल, सत्यम पंडित सहित अन्य के खिलाफ अपराध क्रमांक 295/2025 दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी पर बढ़ाया गया था ईनाम

शुरुआत में आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। लेकिन आरोपियों के लंबे समय तक फरार रहने और मैनेजर की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने ईनाम बढ़ाकर 10-10 हजार रुपये कर दिया था।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं साथी आरोपी

13 अगस्त को पुलिस ने आरोपी सत्यम पंडित और उसके साथी दीपक पटेल व आयुष राजपूत को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मुख्य आरोपी मदन जायसवाल लगातार पुलिस से बचता रहा।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

आज 22 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 27 वर्षीय मदन जायसवाल निवासी मदर टेरेसा, थाना माढ़ोताल को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विजय नगर वीरेन्द्र सिंह पवार, उपनिरीक्षक ब्रजेन्द्र तिवारी, एएसआई संदीप पटेल, आरक्षक आदित्य परस्ते, विक्रम, तथा सायबर सेल के आरक्षक अजय और अरविंद की उल्लेखनीय भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post