Jabalpur News: रांझी में सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन, 4 महीने से वेतन लंबित, सड़क पर फैलाया कचरा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी नगर निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले 6 वार्डों के ठेका सफाई कर्मियों ने एक बार फिर वेतन भुगतान में देरी को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला, जिसके चलते उनके घरों में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

सड़क पर कचरा फैलाकर जताया विरोध

आक्रोशित सफाई कर्मियों ने आज बुधवार को दर्शन सिंह तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क पर कचरा फैला दिया और धरना देकर विरोध जताया। उनका कहना था कि इससे पहले भी उन्होंने 20 दिन पहले इसी स्थान पर धरना दिया था, तब उन्हें स्थानीय विधायक और एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने आश्वासन दिया था कि दशहरे तक सभी लंबित भुगतान कर दिए जाएंगे। कर्मचारियों को उस समय एक महीने का वेतन दिया गया था और शेष तीन महीने का भुगतान दशहरे तक करने का वादा किया गया था। लेकिन वादा पूरा नहीं होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ गया।


कर्मचारियों का समय पर भुगतान नहीं किया गया तो होगा उग्र आंदोलन : कांग्रेस 

धरना की खबर लगते ही मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने सफाई कर्मियों के समर्थन में कहा कि कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सुधीर (सोनू) दुबे ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं दिया गया तो वे सफाई कर्मियों के समर्थन में उग्र आंदोलन करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। इस अवसर पर राजीत यादव, राजेंद्र मिश्रा, राजेश यादव, अनिल सोनकर, निर्मल चंद जैन, अनिल मिश्रा, अंशुल बर्मन और प्रियांश दीक्षित सहित कई कांग्रेसजन धरना स्थल पर मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post