दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार 4 आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामला राजीव गांधी नगर क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की हत्या का है, जिसमें जातिगत रंजिश के चलते पांच लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
ये है पूरा मामला
दिनांक 5 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 11 बजे राजीव गांधी नगर में रहने वाले ईश्वर प्रसाद वंशकार (39 वर्ष) अपने साथियों के साथ हनुमानताल की ओर जा रहे थे। इस दौरान गली में खड़े फुलवर भट्ट, अरुण भट्ट, अरुण जैन, राज भट्ट और शिवम चक्रवर्ती ने उन पर तलवार, पाइप और डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित के बेटे देव वंशकार (16 वर्ष) ने बताया कि आरोपियों ने उसके पिता को केवल इसलिए पीटा क्योंकि वे छोटी जाति से थे। गंभीर रूप से घायल ईश्वर वंशकार को पहले स्वास्तिक अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में थाना माढ़ोताल में अपराध क्रमांक 695/2025 दर्ज किया गया। मामला धारा 103(1), 191(2), 191(3) बीएनएस तथा धारा 3(2)(अ), 3(2)(अं) एससी-एसटी एक्ट के तहत पंजीबद्ध हुआ।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। एएसपी आयुष गुप्ता (भा.पु.से.) और सीएसपी माढ़ोताल भगत सिंह गौठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी।
मुखबिर की सूचना पर पाटन बायपास से शुभम उर्फ शिवम चक्रवर्ती (21 वर्ष), राज भट्ट (19 वर्ष), अरुण भट्ट (20 वर्ष), अरुण चढार उर्फ जैन (20 वर्ष) गिरफ्तार किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने घटना में प्रयुक्त पाइप और डंडे घर के पीछे फेंक दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 2 डंडे और एक पाइप बरामद किए हैं। पुलिस मुख्य आरोपी फुलवर भट्ट की तलाश में जुटी हुई हैं।
इन की रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक नीलेश पोर्ते, विजय पुष्पकार, सहायक उपनिरीक्षक विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक ओमकार मेहरा, आरक्षक सचिन मेहरा, निकेश, पुष्पराज एवं गनपत मर्सकोले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।