दैनिक सांध्य बन्धु पटना/नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पटना के होटल मौर्या में हुई जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने घोषणा की कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के सीएम फेस होंगे।
गहलोत ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय से एक और उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
अशोक गहलोत ने NDA पर निशाना साधते हुए कहा, “हमारा नेता तो तेजस्वी यादव हैं, अब NDA बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है। केवल ‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे’ कहने से काम नहीं चलेगा।”
तेजस्वी यादव ने इस भरोसे पर सभी नेताओं और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा आप सबने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरूंगा। अब समय आ गया है कि 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंका जाए।
करीब 50 मिनट चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के 7 दलों के 14 नेता शामिल हुए, जिनमें RJD, कांग्रेस, VIP समेत अन्य दलों के प्रमुख मौजूद थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और बिहार में बदलाव तय है।