दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के बहम्नी इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शौच के लिए घर से बाहर गई महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
मृतका की पहचान मुन्त्री बाई झारिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुन्त्री बाई सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थीं। लौटते वक्त उनका पैर फिसल गया और वह रास्ते में लगे ट्रांसफॉर्मर के अर्थिंग तार के संपर्क में आ गईं। बताया जा रहा है कि तार में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके चलते उन्हें तेज झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ीं।
परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मुन्त्री बाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठे हो गए और आक्रोश जताने लगे।
दो दिन पहले भी हुआ था करंट हादसा, विभाग नहीं जागा
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले भी इसी स्थान पर एक जानवर की करंट लगने से मौत हो गई थी। इसकी जानकारी क्षेत्रीय नागरिकों ने विद्युत विभाग को दी थी, लेकिन अधिकारियों ने मामले को नजरअंदाज कर दिया। किसी भी प्रकार का सुधार या मरम्मत कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण गुरुवार को यह बड़ा हादसा हो गया।
विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही से एक निर्दोष महिला की जान चली गई। लोगों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने समझाइश देकर कराया शांत
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव, जांच शुरू
पुलिस ने मृतका के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बरेला थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। विभागीय लापरवाही की भी जांच की जा रही है।


