Gwalior News: बच्चों की रंजिश में घर पर आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुए बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बच्चों के आपसी झगड़े से शुरू हुई रंजिश ने रात के सन्नाटे को गोलियों की आवाज़ से दहला दिया। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई।

मुख्य आरोपी शेरा यादव गिरफ्तार

मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी शेरा यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके चार साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट

घटना बीती रात करीब 12:45 बजे सुरैया पुरा संकट मोचन नगर में हुई। पीड़ित लखनलाल शर्मा (50) अपने घर में सो रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार 4–5 बदमाश पहुंचे और घर पर 2–3 राउंड फायरिंग कर दी।

गोलियों की आवाज सुनकर जब लखनलाल बाहर निकले, तो उन्होंने आरोपी शेरा यादव को हथियार लहराते देखा। पीड़ित को देखते ही सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

बच्चों के झगड़े से उपजा विवाद

फरियादी लखनलाल शर्मा के मुताबिक कुछ दिन पहले उनके बच्चे और आरोपी शेरा यादव के बच्चे में विवाद हुआ था। मोहल्ले वालों ने उस समय मामला शांत करा दिया था, लेकिन शेरा ने इसे दिल पर रख लिया और रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया।

CCTV फुटेज से खुला मामला

जांच के दौरान पुलिस को मिले CCTV वीडियो में देखा गया कि शेरा यादव दो बाइक पर अपने साथियों के साथ पहुंचा और घर को टारगेट कर फायरिंग की। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post