MP News: ग्वालियर में रंगदारी नहीं देने पर चार बदमाशों ने किसान को पीटा, बाइक जलाई, कट्टा लहराकर किए हवाई फायर

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। रंगदारी नहीं मिलने पर चार बदमाशों ने एक किसान पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। आरोपियों ने पहले युवक को बेरहमी से पीटा, फिर कट्टा निकालकर दो हवाई फायर किए और उसकी बाइक में आग लगा दी। घटना शुक्रवार रात गोला का मंदिर स्थित नारायण विहार कॉलोनी की है।

शराब के नशे में मांगी रंगदारी, मना करने पर मारपीट

पीड़ित छुन्ना सिंह गुर्जर (40) मूलतः भिंड जिले के गोहद खरौआ गांव के रहने वाले किसान हैं। वे ग्वालियर के नारायण विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार शाम वह गांव से लौटकर कटारे फार्म हाउस के पास से गुजर रहे थे, तभी वहां मौजूद सचिन पवैया, विशु परिहार, पन्ना राठौर और हनी सिंह भदौरिया—जो शराब के नशे में थे—ने उनसे रुपए मांगे।

मना करने पर बदमाशों ने गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस बीच विशु परिहार ने छुन्ना सिंह के कान की सोने की बाली खींच ली, जिससे उनका कान फट गया। हनी सिंह ने पीठ पर दांत से काट लिया, जबकि पन्ना राठौर के पत्थर पटकी मारने से आंख के पास गंभीर चोट आई।

कट्टा लहराकर हवाई फायर, मोटरसाइकिल जलाई

मारपीट के दौरान सचिन पवैया ने कट्टा निकालकर दो हवाई फायर किए। हथियार लहराने के बाद पन्ना राठौर ने पीड़ित की बाइक MP30 MR-9365 में आग लगा दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी वहां से भाग निकले।

भागने से पहले आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी—“रिपोर्ट करोगे तो जान से खत्म कर देंगे।”

20 हजार रुपए भी गायब, प्रत्यक्षदर्शियों ने देखी पूरी वारदात

पीड़ित के अनुसार, झगड़े के दौरान उसकी जेब में रखे करीब 20,000 रुपए भी गिर गए, जो बाद में नहीं मिले। घटना के प्रत्यक्षदर्शी सतेन्द्र सिंह और हरेन्द्र सिंह गुर्जर बताए जा रहे हैं।

चारों बदमाशों पर FIR, पुलिस की जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। चारों बदमाशों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post