दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात वर्चस्व की लड़ाई और पैसों के लेन-देन ने गैंगवार का रूप ले लिया। बदमाश रिंकू कमरिया गैंग ने आधी रात को कोटेश्वर रोड स्थित घासमंडी इलाके में कार सवार दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 15 मिनट में 35 गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई।
इस गोलीबारी में मध्यप्रदेश पुलिस के हवलदार के बेटे विजय सिंह गौड़ और उसका दोस्त हाकिम सिंह बघेल घायल हो गए। विजय के पैर में तीन और हाकिम को एक गोली लगी है। दोनों को हजीरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पैसों के विवाद ने ली हिंसक शक्ल
घायल विजय सिंह गौड़ ने बताया कि रिंकू कमरिया से पांच लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बार-बार मांगने पर भी रिंकू पैसा नहीं लौटा रहा था, बल्कि धमकी दे रहा था कि दोबारा मांगने पर गोली मार देगा।
रविवार रात विजय अपने दोस्तों बल्लू सरदार और हाकिम सिंह के साथ किसी परिचित को छोड़कर लौट रहा था। तभी रिंकू, अन्नी, छोटू, कालू और रमेश कमरिया ने उन्हें रोककर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है। सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
इलाके में फैली दहशत
लगातार 15 मिनट तक चली फायरिंग से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और लोग घरों में दुबक गए।
