दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) में मंगलवार सुबह कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि फिलिंग-9 सेक्शन में हेंड ग्रेनेड निर्माण के दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद निर्माणी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारी का नाम रत्नेश ठाकुर है, जो उस समय मल्टी मोड हेंड ग्रेनेड (MMHG) के निर्माण कार्य में व्यस्त था। काम के दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिससे रत्नेश बुरी तरह झुलस गया और उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास के कर्मचारी मौके पर दौड़ पड़े और घायल रत्नेश को तत्काल ओएफके अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर हालत को देखते हुए महाकौशल अस्पताल रेफर कर दिया।
रत्नेश को आईसीयू में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। उसके शरीर पर जलने और चोट लगने के गहरे निशान हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर नहीं कही जा रही है।
हादसे के बाद कर्मचारियों में दहशत और नाराजगी दोनों ही देखने को मिली। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अक्सर ऐसे हादसों की वजह बनती है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन स्तर पर भी हलचल मच गई है।
