दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। क्राइम ब्रांच ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 55.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी राजस्थान के प्रतापगढ़ से इंदौर में सप्लाई करने आया था।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी के अनुसार शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ का तस्कर समीर खान इंदौर में ब्राउन शुगर की खेप पहुंचाने वाला है। पुलिस ने तुरंत टीम तैयार कर एमपीईबी पोलोग्राउंड अंडर ब्रिज के आसपास निगरानी शुरू की।
इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर संदिग्ध युवक दिखा, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। घेराबंदी कर उसे रोक लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर पिता बारम खान, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) बताया। उसकी तलाशी लेने पर 55.65 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बाइक भी जब्त कर ली गई।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि आरोपी प्रतापगढ़ से नशा इंदौर सप्लाई करने आया था। पूछताछ में यह भी सामने आ रहा है कि इससे पहले भी प्रतापगढ़ के कई तस्कर इंदौर में पकड़े जा चुके हैं। अब टीम यह पता लगा रही है कि समीर ब्राउन शुगर किससे लेकर आया था और इंदौर में किसे सप्लाई करने वाला था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।