Jabalpur News: ई-रिक्शा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चुराया गया ई-रिक्शा बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना ओमती पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 8-12-25 की रात सुनील यादव (38 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती रेतनाका थाना ग्वारीघाट ने थाना ओमती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि दिनांक 8-12-25 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेडके 9470 से जिला न्यायालय जबलपुर पेशी में आया था। उसने अपना ई-रिक्शा न्यायालय के गेट नंबर 03 के वाहन स्टैंड में खड़ा कर कोर्ट के अंदर चला गया। शाम को वापस आने पर ई-रिक्शा मौके पर नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी जब ई-रिक्शा नहीं मिला तो उसने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना ओमती पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गया ई-रिक्शा पागलखाना मस्जिद के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी, जहां एक ई-रिक्शा खड़ा मिला और ड्राइवर सीट पर एक युवक बैठा हुआ था। पूछताछ पर उसने अपना नाम अब्दुल शाहिद पिता अब्दुल वाहिद उम्र 25 वर्ष, निवासी अहमद नगर गोहलपुर बताया। ई-रिक्शा से संबंधित दस्तावेज नहीं होना पाया गया। सघन पूछताछ करने पर उसने दिनांक 8-12-25 को जिला न्यायालय गेट नंबर 03 के पास से ई-रिक्शा चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी से चोरी गया ई-रिक्शा जब्त करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post