Jabalpur News: बेटे के बदले हावभाव से परेशान माता-पिता पहुंचे पुलिस के पास, धर्मांतरण के लिए उकसा रहे ट्यूशन टीचर-फादर...!

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आधारताल क्षेत्र में रहने वाले सत्यनारायण शर्मा और उनकी पत्नी ने अपने 15 वर्षीय बेटे के बदले व्यवहार को लेकर पुलिस से मदद मांगी है। माता-पिता का आरोप है कि ट्यूशन टीचर और एक फादर के संपर्क में आने के बाद उनका बेटा धर्म परिवर्तन की ओर उकसाया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, बेटा मंदिर जाना छोड़कर चर्च जाने लगा है और घर में देवी-देवताओं की तस्वीरें फाड़ने जैसी हरकतें कर रहा है। चर्च जाने से रोकने पर वह गालीगलौज, मारपीट और तोड़फोड़ करने लगता है। माता-पिता का दावा है कि बेटे का ब्रेनवॉश किया जा रहा है ताकि उसका धर्मांतरण कराया जा सके।

जब स्थानीय थाने में उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वे बुधवार को पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है, जिसमें बेटा लोहे की रॉड लेकर उन्हें धमकाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

“धर्म बदलोगे तो ही साथ रहूंगा”


सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि उनका बेटा सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र है और उसी स्कूल की टीचर पलक सिंह के पास ट्यूशन पढ़ता है। साथ ही वह एक फादर के भी लगातार संपर्क में है। बेटे ने माता-पिता से साफ कह दिया है कि अगर वे धर्म परिवर्तन करेंगे तभी वह उनके साथ रहेगा, अन्यथा अकेले केरल चला जाएगा।

शर्मा का आरोप है कि बेटा हर फैसले में फादर और टीचर से सलाह लेता है और वही करता है जो वे कहते हैं। विरोध करने पर उसने घर का दरवाजा तोड़ दिया और धार्मिक तस्वीरें फाड़ दीं। 

टीचर का मोबाइल बंद   

एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार बेटे की काउंसलिंग चाहता है, जिसे कराने का प्रयास किया जाएगा। शिकायत में माता-पिता ने टीचर पलक सिंह और फादर के मोबाइल नंबर भी दिए हैं। फिलहाल टीचर का मोबाइल बंद है और फादर कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। पुलिस मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ कर सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post