जबलपुर फ्लाईओवर पर जन्मदिन मनाना पड़ा भारी: केक काटते हुए कोल्ड फायर, पुलिस कार्रवाई के बाद युवक ने मांगी माफी ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। संस्कारधानी जबलपुर निवासी मयूर कुमार यादव ने अपने दोस्तों के साथ फ्लाईओवर ब्रिज पर सड़क के बीच कार रोककर बोनट पर केक काटा और कोल्ड फायर व नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया था।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस हरकत में आई। मदन महल थाना पुलिस ने मयूर कुमार यादव के खिलाफ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान युवक ने हाथ जोड़कर पुलिस से माफी भी मांगी।

पुलिस के अनुसार, इस तरह फ्लाईओवर जैसे व्यस्त मार्ग पर वाहन रोकना और स्टंटनुमा गतिविधियां करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा पैदा करता है।

जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि फ्लाईओवर ब्रिज पर रील बनाने, जन्मदिन मनाने, स्टंट करने या किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए कानून न तोड़ें और सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदार व्यवहार करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post