दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर शनिवार रात जिलेभर में सघन कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
कांबिंग गश्त का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन व मौजूदगी में किया गया। अभियान में समस्त नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, उप पुलिस अधीक्षक सहित शहर व देहात के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने स्टाफ के साथ शामिल रहे।
जिलेभर में की गई छापेमारी
कांबिंग गश्त के लिए शहर एवं देहात थानों में पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की विशेष टीमें बनाई गईं। प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों द्वारा किया गया। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें भी अभियान में सक्रिय रहीं। टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर फरार आरोपियों की धरपकड़ की।
कई वर्षों से फरार 210 वारंट किए गए तामील
अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कई वर्षों से 89 गैरम्यादी वारंट, 71 गिरफ्तारी वारंट, 50 जमानती वारंट कुल 210 वारंट तामील किए गए। इनमें से अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच
कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की चेकिंग की गई। देर रात आने-जाने वालों से पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की गई।
