दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मौतों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शिक्षा, इंजीनियरिंग, प्रवर्तन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्मत उपाध्याय ने यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, एसपी सम्पत उपाध्याय द्वारा 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा हेतु विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
इन्हें अपनाकर घटाई जा सकती है दुर्घटनाएं
एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि सड़क हादसों में कमी तभी संभव है जब वाहन चालक नियमों का पालन करें। उन्होंने निम्न बातों पर विशेष जोर दिया— दोपहिया वाहन चलाते समय ISI मार्क हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें।ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। सड़क पार करने के लिए हमेशा जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करें। कार चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ढंग से वाहन चलाने से बचें।
CPR प्रशिक्षण से बढ़ेगी जान बचाने की क्षमता
सड़क दुर्घटनाओं में कई बार शुरुआती मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसीलिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को CPR तकनीक का प्रशिक्षण एक्सपर्ट डॉक्टरों द्वारा दिया गया है।
एसपी ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर अक्सर पुलिस सबसे पहले पहुंचती है, ऐसे में CPR का ज्ञान होने पर कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। यह प्रशिक्षण आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की क्षमता को और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर जिला अस्पताल के डॉक्टर संजय जैन, NSS समन्वयक डॉ. शोभाराम, ASP आयुष गुप्ता, ASP यातायात अंजना तिवारी, ASP क्राइम जितेंद्र सिंह, DSP यातायात संतोष शुक्ला, DSP बैजनाथ प्रजापति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।