भोपाल युवा कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर नया विवाद: महिलाओं ने नए नियुक्त अध्यक्ष पर लगाया रेप का आरोप, कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है। नेशनल यूथ कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को नया अध्यक्ष नियुक्त करने के कुछ घंटे बाद ही शनिवार को महिलाओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष अमित खत्री पर रेप का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने राहुल गांधी के नाम वाले बैनर लेकर नारेबाजी की और कहा कि उन्हें “खत्री से बचाया जाए।”
कांग्रेस कार्यालय के बाहर माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा।

जांच रिपोर्ट के बाद हटाए गए थे अंकित दुबे

नेशनल यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को ही अंकित दुबे को तत्काल प्रभाव से अध्यक्ष पद से हटाकर फर्स्ट रनर-अप रहे अमित खत्री को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। यह फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया।

समिति की रिपोर्ट में कहा गया कि अंकित दुबे के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले लंबित हैं, जो संगठन की छवि व नियमों के खिलाफ हैं। इसी आधार पर उन्हें पद से हटाया गया।

खत्री बनते ही विरोध तेज

अमित खत्री की नियुक्ति के तुरंत बाद ही नया विवाद सामने आ गया। महिलाओं ने दावा किया कि खत्री पर पहले भी गंभीर आरोप लगे हैं और संगठन को उन्हें संरक्षण नहीं देना चाहिए।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

भोपाल यूथ कांग्रेस के चुनाव में अंकित दुबे पहले स्थान पर आए थे।

अमित खत्री दूसरे स्थान (फर्स्ट रनर-अप) पर थे।

परिणाम आने के बाद ही विवाद शुरू हुआ।

खत्री ने आरोप लगाया कि दुबे ने अपने आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई और वे पात्रता मानदंड पूरे नहीं करते।

इसके बाद राष्ट्रीय समिति ने दोनों पक्षों से बयान लेकर जांच की।

एक सप्ताह की जांच के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट भेजी, जिसके आधार पर दुबे को हटाकर खत्री को पद सौंपा गया। लेकिन खत्री की नियुक्ति के तुरंत बाद विरोध होने से यूथ कांग्रेस में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

पार्टी में बढ़ सकती है अंदरूनी खींचतान


नए आरोपों और विरोध के बाद युवा कांग्रेस का विवाद और गहरा सकता है। पार्टी नेतृत्व को अब नए आरोपों की भी जांच करनी पड़ सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post