भोपाल के जगदीशपुर में ‘इस्लाम नगर’ लिखे बोर्डों पर बवाल, माइलस्टोन उखड़ने से भड़का आक्रोश

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सटे जगदीशपुर गांव में संकेतक बोर्डों पर ‘इस्लाम नगर’ नाम लिखे जाने को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। मंगलवार को हिंदू उत्सव समिति सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव के मूल और ऐतिहासिक नाम से छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि यह गांव पहले इस्लाम नगर के नाम से जाना जाता था, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की अधिसूचना के बाद 1 फरवरी 2023 से इसका आधिकारिक नाम फिर से जगदीशपुर कर दिया गया था। इसके बावजूद लांबाखेड़ा–जगदीशपुर मार्ग पर लगे कुछ बोर्डों पर पुराना नाम लिखे जाने और एक मस्जिद के पास लगे किलोमीटर पत्थर के क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मौके पर पहुंचे हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि यह केवल नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि जनभावनाओं से खिलवाड़ है। स्थानीय लोगों ने सभी बोर्ड तत्काल सही कराने, क्षतिग्रस्त माइलस्टोन की मरम्मत और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर ‘जगदीशपुर पर्यटन स्थल’ का फ्लेक्स भी लगा दिया। हालात को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post