धर्मेन्द्र को पद्म विभूषण, रोहित शर्मा को पद्मश्री: शिबू सोरेन और अलका याग्निक को पद्म भूषण, 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कार का ऐलान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया है। इस वर्ष देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए कला, खेल, समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को चुना गया है।

दिवंगत अभिनेता धर्मेन्द्र समेत 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबु सोरेन और प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक सहित 13 हस्तियों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। वहीं, क्रिकेटर रोहित शर्मा, प्रवीण कुमार, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया समेत कुल 113 हस्तियों को पद्म श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा।

लोक कला के क्षेत्र में राजस्थान के डीग जिले के गफरुद्दीन मेवाती को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। वे ‘पांडुन का कड़ा’ के एकमात्र लोक गायक हैं और भपंग वाद्य यंत्र के प्रसिद्ध कलाकार हैं। उन्हें इस विधा के 2500 से अधिक दोहे याद हैं और वे देश-विदेश में इसकी प्रस्तुति दे चुके हैं। इससे पहले उन्हें संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप सम्मान भी मिल चुका है।

कर्नाटक के मैसूर के पास हरालाहल्ली गांव के अंके गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म श्री दिया जाएगा। उन्होंने 20 वर्ष की उम्र में बस कंडक्टर की नौकरी करते हुए किताबें इकट्ठा करनी शुरू की थीं। अपनी कमाई का अधिकांश हिस्सा पुस्तकों पर खर्च किया और यहां तक कि अपना घर बेचकर लाइब्रेरी बनाई। आज उनकी ‘पुस्तक माने’ लाइब्रेरी में 20 लाख से अधिक दुर्लभ पुस्तकें संग्रहित हैं।

पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू को सामाजिक सेवा के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। 88 वर्षीय सिद्धू 1964 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं और 1996 में सेवानिवृत्त हुए। वे पिछले 10 वर्षों से रोज सुबह सैनिटेशन कार्ट लेकर अपने क्षेत्र की सड़कों की सफाई करते हैं और स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की सामाजिक कार्यकर्ता बुधरी ताती को भी पद्म श्री सम्मान दिया गया है। उन्होंने 15 वर्ष की उम्र से समाज सेवा शुरू की थी। बस्तर क्षेत्र में महिलाओं को जागरूक और शिक्षित करने के साथ-साथ वृद्धा आश्रम और अनाथ आश्रम का संचालन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 545 गांवों की पदयात्रा भी की है। समाज सेवा के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने विवाह नहीं किया और अब तक 22 पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण की तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। ये सम्मान कला, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।

पिछले वर्ष 2025 में शारदा सिन्हा और ओसामु सुजुकी समेत 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, पंकज उधास और सुशील मोदी समेत 19 हस्तियों को पद्म भूषण तथा राजस्थान की लोक गायिका बतूल बेगम और दिल्ली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरजा भटला सहित 113 लोगों को पद्म श्री सम्मान दिया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post