दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। इंद्राना चौकी क्षेत्र में गुमशुदा युवक का शव पेड़ से लटका मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे 21 वर्षीय लखन सिंह ठाकुर बिना बताए घर से लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा 25 अक्टूबर 2025 को इंद्राना चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
परिवार ने पुलिस को बताया था कि लखन सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पुलिस द्वारा युवक की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी बीच 26 फरवरी 2026 को ग्राम वासियों से सूचना मिली कि बर्रा हनुमान मंदिर के पीछे हरदुआ के पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई। हाथ पर बने टैटू और पहने हुए कपड़ों के आधार पर शव की पहचान लखन सिंह ठाकुर के रूप में की गई। पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पेड़ से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शव लगभग तीन से चार माह पुराना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से नियमानुसार तलाश की जा रही थी तथा पूरे प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।
