दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से करीब 60 किलोमीटर दूर ग्राम उमरिया के जंगल में करंट की चपेट में आने से एक नाबालिग सहित दो आदिवासी युवकों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब दोनों लोहे की रॉड लेकर पहाड़ी रास्ते से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय किशन टेकाम 25 फरवरी को रिश्तेदार गोविंद के साथ किसी काम से चरगवां गया था। दोनों पैदल जंगल के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। गुरुवार सुबह उमरिया के जंगल के पास पहुंचते ही वे शिकार के लिए बिछाए गए करंट वाले तार की चपेट में आ गए। अचानक करंट लगने से दोनों मौके पर ही गिर पड़े।
कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को जमीन पर पड़ा देखा। आनन-फानन में उन्हें चरगवां स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
डीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए करंट बिछाया गया था। संभवतः उसी की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई। पुलिस यह जांच कर रही है कि करंट का तार किसने और कब बिछाया था।
Tags
jabalpur
