Jabalpur News: टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, मास्टर आईडी से संचालित नेटवर्क का खुलासा; दो सटोरिए गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी पुलिस ने टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टर आईडी के माध्यम से संचालित एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 20 हजार 350 रुपये नगद और एक कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा जारी निर्देशों के तहत क्रिकेट सट्टा खिलाने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में रांझी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

गत दिवस रांझी थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि मेमोरी तिराहा सामुदायिक भवन के पास खड़ी डार्क ब्लू रंग की कार (क्रमांक एमपी 20 जेड जी 0030) में बैठे दो युवक मोबाइल के जरिए टी-20 वर्ल्ड कप मैच पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने रामनगर रांझी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनमोल पटारिया उर्फ बीसू (29 वर्ष), निवासी दर्शन तिराहा, थाना रांझी और कृष्णा नामदेव (25 वर्ष), निवासी आदर्श मार्केट, थाना रांझी
बताए।

मोबाइल ऐप के जरिए संचालित था सट्टा

तलाशी के दौरान कृष्णा नामदेव के रेडमी मोबाइल में “CRICKET GURU” ऐप खुला मिला, जिसमें श्रीलंका विरुद्ध न्यूजीलैंड मैच के रन और भाव प्रदर्शित हो रहे थे। उसके पास से एक अन्य मोबाइल भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था। उसके पास से 350 रुपये नगद मिले।

अनमोल उर्फ बीसू के सैमसंग जेड फोल्ड मोबाइल में “थर्ड आई” एप्लीकेशन के माध्यम से उसी मैच का ऑनलाइन सट्टा संचालित होता पाया गया। उसके पास एक एप्पल 17 प्रो मैक्स मोबाइल भी मिला, जिसका उपयोग अन्य बुकियों से संपर्क के लिए किया जा रहा था। उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

मास्टर आईडी से चल रहा था पूरा नेटवर्क

पूछताछ में अनमोल पटारिया ने खुलासा किया कि वह “bet 4 win” नामक मास्टर आईडी बड़े बुकियों दिलीप खत्री एवं संजय खत्री से प्राप्त करता था। इसके बाद वह अपने अधीन एजेंटों—कृष्णा नामदेव, अंकुश शिवहरे, विशाल सराफ, राहुल ललवानी, अंकित सोनकर एवं विवेक गुप्ता—को आईडी और पासवर्ड वितरित कर खिलाड़ियों को सट्टा खिलवाता था। मैच समाप्त होने के बाद लेन-देन नगद में किया जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी अनमोल पटारिया उर्फ बीसू द्वारा बड़े बुकियों से मास्टर आईडी लेकर एक संगठित सिंडिकेट के रूप में क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था।

प्रकरण दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट की धारा 4(क) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री में 4 मोबाइल फोन, 20,350 रुपये नगद एवं संबंधित कार शामिल है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी, प्रधान आरक्षक चंद्रभान, आरक्षक आलोक, चेतेन्द्र, मनीष पटेल, अभिषेक मिश्रा, गौरव एवं मनीष अहिरवार की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post