Jabalpur News: पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले 4 आरोपी चाकू सहित गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। चौकी गौर अंतर्गत सालीवाड़ा पेट्रोल पंप पर फ्री में पेट्रोल मांगने से मना करने पर कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 चाकू और घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की एक्टिवा जब्त की है।

पीड़ित अंशुल पटेल (20) निवासी ग्राम परसवारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सालीवाड़ा पेट्रोल पंप में कार्य करता है। 7 फरवरी को एक स्कूटी व एक बाइक पर आए युवक तथा उनके साथी शुभम सेन ने तीनों वाहनों में 5-5 लीटर पेट्रोल फ्री में भरने को कहा। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शुभम सेन ने चाकू से हमला कर अंशुल की दाहिनी हाथ की उंगली में चोट पहुंचाई तथा उसके साथी मुकुंदराव जाधव के सिर में भी चोट आई। आरोपियों ने पत्थर चलाकर पेट्रोल पंप कार्यालय की दोनों खिड़कियों के कांच तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कटियाघाट श्मशानघाट के पास दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपने नाम प्रशांत पासी (23), शनि बढ़ेल (19), यूसुफ तिर्की (23) एवं शरद मेहतो (20) बताए। तलाशी के दौरान चारों के पास से एक-एक चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में चारों ने पेट्रोल पंप पर मारपीट व तोड़फोड़ की घटना स्वीकार की। पुलिस ने चार चाकू एवं घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की एक्टिवा जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रशांत पासी के विरुद्ध अवैध वसूली, मारपीट, आबकारी एक्ट व आर्म्स एक्ट के 12 मामले तथा शनि बढ़ेल के विरुद्ध मारपीट व आर्म्स एक्ट के 4 मामले पूर्व से दर्ज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post