Jabalpur News: सोनपुर नहर पुल के पास दी गई दबिश, युवक फायर आर्म्स सहित पकड़ा गया, पिस्टल व कारतूस जप्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं थाना खमरिया की संयुक्त टीम ने एक युवक को अवैध फायर आर्म्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक चला हुआ कारतूस का खाली खोखा जप्त किया गया है।

थाना खमरिया प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि बीती शाम क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनपुर नहर पुल के ऊपर पथनौरा फार्म मानेगांव के पास एक युवक पिस्टल लेकर अपराध करने की नीयत से घूम रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना खमरिया की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू चक्रवर्ती पिता मंगल चक्रवर्ती उम्र 22 वर्ष निवासी पानी टंकी के पास, मोहल्ला सोनपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कमर में दाहिनी तरफ जींस पेंट के अंदर एक पिस्टल खोंसी हुई मिली। पिस्टल की मैगजीन चेक करने पर उसमें एक कारतूस लगा हुआ पाया गया। वहीं उसकी जींस पेंट की दाहिनी जेब से एक चला हुआ कारतूस का खाली खोखा भी बरामद हुआ।

पिस्टल के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्टल एवं कारतूस लगभग 4-5 माह पूर्व रांझी क्षेत्र में एक राहगीर से, जिसने अपना नाम डोडो निवासी भोपाल बताया था, 8 हजार रुपये में खरीदी थी।

पुलिस ने आरोपी सोनू चक्रवर्ती के कब्जे से एक पिस्टल, एक कारतूस एवं एक चला हुआ कारतूस का खाली खोखा जप्त करते हुए उसके विरुद्ध धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post