दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं थाना गोरखपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजा के अवैध कारोबार में लिप्त मां-बेटा को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए 16 किलो 680 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 34 हजार रुपये बताई जा रही है।
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि देर रात क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऐरावत चौक, हाथीताल के पास एक पुरुष एवं एक महिला अपने-अपने हाथ में ट्रॉली बैग लिए संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच एवं थाना गोरखपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध इधर-उधर होने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम चंदन जैन पिता स्व. जयकुमार जैन उम्र 37 वर्ष एवं श्रीमती राजुल जैन उर्फ राजकुमारी जैन पति स्व. जयकुमार जैन उम्र 63 वर्ष, निवासी हाथीताल हाउसिंग बोर्ड, गोरखपुर बताए।
संदेह होने पर दोनों के ट्रॉली बैग खुलवाकर जांच की गई, जिसमें प्रत्येक बैग में 8-8 पैकेटों में गांजा भरा हुआ मिला। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे की तौल कराई गई, जिसमें कुल 16 पैकेटों में 16 किलो 680 ग्राम गांजा पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि गांजा कहां से और किससे प्राप्त किया गया तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags
jabalpur
