दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत रोटरी क्लब में आयोजित शादी समारोह के दौरान बाहर सड़क पर गोली चलने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप कुमार नामदेव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उपस्थित लोगों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल ले जाया गया है।
मेट्रो अस्पताल पहुंचने पर घायल दुर्गेश पाण्डे (30 वर्ष), निवासी शिवनगर भवानी फ्लावर के पास मदनमहल ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। वह अपने दोस्तों हर्ष यादव और श्रीकांत राय के साथ मोहल्ले के दोस्त गोलू सोंधिया की शादी में शामिल होने रोटरी क्लब गया था।
ये है पूरा मामला
दुर्गेश पाण्डे के अनुसार, वे लोग शादी समारोह में शामिल होकर खाना खाने के बाद रात करीब 11:30 बजे रोटरी क्लब से बाहर निकले। जैसे ही वे गेट के पास सामने रोड पर पहुंचे, तभी दो एक्सिस वाहन वहां आए। एक एक्सिस में तीन युवक बैठे थे, जिनके बीच में मुक्कू पटेल बैठा था। दूसरी एक्सिस देवू पटेल चला रहा था, बीच में लकी पटेल तथा पीछे गुल्ली उर्फ अभिषेक गोस्वामी बैठा था।
इसी दौरान लकी पटेल और गुल्ली उर्फ अभिषेक गोस्वामी ने अपने पास रखे पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली दुर्गेश पाण्डे के बाएं पैर की जांघ में लगी, जबकि उनके साथी श्रीकांत राय के दाहिने हाथ की भुजा और पसली के पास गोली लगी।
पुराने रंजिश के चलते की गई फायरिंग
पीड़ित ने बताया कि उसके मोहल्ले के दोस्त लकी मिश्रा और पियूष सोनी का मुक्कू पटेल से पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष द्वारा शादी समारोह के दौरान रोटरी क्लब के सामने रोड पर पिस्टलों से फायरिंग की गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना सिविल लाइन पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) बीएनएस तथा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
