दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में बीती रात चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। घायल अवस्था में अविनाश अहिरवार और सिद्धार्थ चौधरी थाने पहुंचे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज हेतु सुविधा अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़ित अविनाश अहिरवार (26), निवासी सिंधी कैंप हनुमानताल ने पुलिस को बताया कि वह रोहित एजेंसी बेकरी में सेल्समैन है। बीती रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी सिद्धार्थ चौधरी के साथ पड़ोसी की शादी पार्टी में शामिल होने एमजी पैलेस, पुराना बस स्टैंड, दमोहनाका गया था। पार्टी के दौरान दो युवकों में किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। अविनाश ने एक युवक को नशे में लगने की बात कहकर विवाद से दूर रहने की सलाह दी। इस पर उक्त युवक ने अपना नाम मेघराज चौधरी बताते हुए धमकी दी कि उसका नाम दमोहनाका में चलता है।
इसके बाद अविनाश और सिद्धार्थ अपनी बाइक से रिश्तेदार के घर जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही वे दमोहनाका चौक के पास पहुंचे, तभी मेघराज चौधरी अपने एक साथी के साथ वहां आ गया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए बाइक में लात मारी और दोनों को गिरा दिया। इसके बाद जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया।
हमले में अविनाश की पीठ पर तीन जगह और बाईं जांघ में गंभीर चोट आई, जबकि सिद्धार्थ के सीने और जांघ में वार किया गया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथी के साथ दोपहिया वाहन से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296(बी), 109(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
Tags
jabalpur
