Jabalpur News: कार ट्रक से टकराई, दो युवकों की मौत, तीन घायल ;शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना भेड़ाघाट क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक शादी समारोह से लौटकर घर जा रहे थे।

ये है पूरा मामला 

लक्ष्मी प्रसाद पटेल (42 वर्ष), निवासी कठौंदा ग्रीन सिटी माढ़ोताल ने थाना भेड़ाघाट में सूचना दी कि उनका भतीजा यशवंत पटेल उर्फ साहिल, अभिनव पटेल एवं हर्ष पटेल अपने साथी सौरभ पटेल और नमन तिवारी के साथ शिफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 सीके 9390 से भेड़ाघाट रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर रात में अपने घर कठौंदा माढ़ोताल लौट रहे थे।
कार यशवंत पटेल उर्फ साहिल चला रहा था। उनके आगे ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 1394 चल रहा था।

अचानक ब्रेक लगाने से हुआ टकराव

रात लगभग 3:30 बजे जैसे ही कार ग्राम बहदन, जेसीबी कंपनी के सामने हाईवे रोड पर पहुंची, तभी ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही कार ट्रक से जा टकराई।

दो की मौके पर मौत

हादसे में कार चला रहे यशवंत पटेल उर्फ साहिल और आगे की सीट पर बैठे सौरभ पटेल को चेहरे, सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन युवक गंभीर घायल

कार की पिछली सीट पर बैठे हर्ष पटेल, अभिनव पटेल और नमन तिवारी को चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों में यशवंत पटेल उर्फ साहिल (22 वर्ष) निवासी कठौंदा पानी की टंकी के पास माढ़ोताल और सौरभ पटेल (25 वर्ष) निवासी कठौंदा माढ़ोताल शामिल हैं। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है।

जांच में जुटी पुलिस 

सूचना मिलने पर थाना भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। पुलिस ट्रक चालक की लापरवाही और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post