दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शाहपुरा भिटोनी निवासी करण मल्लाह ने मदन महल स्थित स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अमित खरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। करण मल्लाह ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
करण मल्लाह का आरोप है कि उनकी मारुति वैन (क्रमांक MP 20 BA 6728) का कथित रूप से फर्जी दुर्घटना प्रकरण में दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी वैन पिछले करीब छह माह से कुण्डम थाना में खड़ी है। कई बार आवेदन देने के बावजूद वाहन वापस नहीं किया जा रहा है।
शिकायत के बाद धमकाने का आरोप
करण मल्लाह ने बताया कि उन्होंने 10 फरवरी 2026 को एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। इसके बाद कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उनके घर पहुंचकर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इनकार करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने अपने और अपने परिवार पर हमले की आशंका जताई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से वाहन शीघ्र वापस दिलाने के साथ-साथ स्वयं और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
प्रशासन ने माना मामला गंभीर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोप गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि एक पुराने एक्सीडेंट और उससे जुड़े घाव के मामले में पीड़ित को कुण्डम ले जाया गया था, जहां उसकी वैन को जबरन क्षतिग्रस्त कर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने प्रकरण का संज्ञान लिया है।
थाना प्रभारी को जांच के निर्देश
एडिशनल एसपी शर्मा ने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि यदि वाहन किसी वैध प्रकरण में जब्त है तो इसकी स्पष्ट जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए। वहीं, यदि वाहन बिना उचित कारण के थाने में खड़ा पाया जाता है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने पीड़ित का आवेदन जांच के लिए कुण्डम थाना प्रभारी को भेज दिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
