MP News: शादी समारोह में बैंड बजा रहे 15 वर्षीय बच्चे की गोली मारकर हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग ने 15 वर्षीय विवेक बंसल की जान ले ली। विवेक बंसल बैंड पार्टी में बैंड बजा रहा था और वह परिवार का इकलौता बेटा था। गोली सीधे उसके सीने में लगी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मोतीनगर स्थित सागर सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। बारात गार्डन की ओर बढ़ रही थी और बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगते ही विवेक लहूलुहान होकर गिर पड़ा और बारातियों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जांच में दो पहलू सामने आए हैं। पहली संभावना यह है कि हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई, जबकि दूसरी यह कि दो युवक राई बजाने को लेकर बैंड वालों से उलझ रहे थे और एक युवक ने जानबूझकर विवेक के सीने पर गोली मारी। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि मामला गंभीर है और ड्रोन व सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

विवेक के साथी खिलान बंसल ने बताया कि वे सामान्य तरीके से बैंड बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और विवेक गिर पड़ा। मौके पर मौजूद किन्नर समाज के लोगों ने तुरंत कार्रवाई की मांग की और पुलिस पर दबाव डाला।

परिजनों ने अस्पताल और थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। प्रशासन ने परिवार को सहायता के रूप में 50 हजार रुपए दिए, जिसके बाद परिजन शव लेकर रवाना हुए। डॉक्टरों के अनुसार, गोली सीने के संवेदनशील हिस्से में लगी थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और बचाना संभव नहीं हो पाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post