MP News: बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार महिला से चेन-हार छीने, सीएम के दौरा रूट के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने की लूट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में हाईअलर्ट के बावजूद बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी महिला से सोने की चेन, हार और मंगलसूत्र लूट लिया। यह वारदात गुरुवार रात करीब 7:30 बजे भाऊ साहब पोतनीस ग्राउंड के सामने हुई। घटना के बाद आरोपी तेज रफ्तार से मुरार की ओर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

ई-रिक्शा में बैठी महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार मुरार के काशीपुरा सिंहपुर रोड निवासी 55 वर्षीय गीता राणा अपनी बहन आशा, सिया और भतीजी तनु के साथ मेला घूमकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। जैसे ही उनका ई-रिक्शा भाऊ साहब पोतनीस ग्राउंड के सामने पहुंचा, बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से आए और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन, हार और मंगलसूत्र छीन लिया।

अचानक हुई घटना से घबराई महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे। बाद में महिला ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

सीएम दौरे के कारण पुलिस थी अलर्ट पर

घटना के समय क्षेत्र में पुलिस हाईअलर्ट पर थी, क्योंकि मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित था। बावजूद इसके बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उस समय पुलिस बल का बड़ा हिस्सा सीएम ड्यूटी में तैनात था।

CCTV में दिखे संदिग्ध आरोपी

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में तीन युवक बाइक पर जाते दिखाई दिए हैं। बाइक पर पीछे बैठा आरोपी सफेद शर्ट में था और उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। पुलिस अब भागने के रूट के अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की तलाश

गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के अनुसार महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post